ग़ाज़ीपुर

अतिक्रमण मुक्त बाजार की जमीन पर दोबारा कब्जे से आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

भांवरकोल, गाजीपुर – स्थानीय विकास खंड क्षेत्र में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर कुंडेसर शेरपुर मोड़ पर ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर करीब 2 घंटे तक जाम लगा दिया। दीनानाथ राम के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुष बांस-बल्ली लेकर सड़क पर उतर आए और सुबह साढ़े 10 बजे से रास्ता रोक दिया। थानाध्यक्ष और नायब तहसीलदार के आश्वासन के बाद जाम खुला।मेले की जमीन पर दोबारा कब्जा का आरोप:जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि कुंडेसर में बाजार की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इसी जमीन पर हर सोमवार को बाजार लगती है और कार्तिक माह में ददरी मेला भी लगता है। यहां शिव मंदिर और रविदास मंदिर भी मौजूद हैं। ग्रामीणों के मुताबिक दो माह पहले तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण हटवा दिया था, लेकिन बब्बन यादव, श्यामानन्द यादव, धर्मेन्द्र राम, खीच्चु, भुवर राम आदि ने फिर से कब्जा कर लिया है। इसी को हटाने की मांग को लेकर लोग सड़क पर उतरे।जाम लगाने वालों में दीनानाथ राय, दरोगा राम राजकुवर, दीपक राय, अनिल कुमार, रामपति हरिन्दर, महेन्द्र समेत सैकड़ों पुरुष शामिल थे। वहीं मंजू, सुमन, रानी देवी, सन्तु देवी, आरती, मुनिया, शीला, पार्वती, राजवती, भन्जू, तेतरी, इन्द्रावती, रीता, लल्लीया समेत सैकड़ों महिलाएं भी हाथ में डंडा-लाठी लेकर पहुंचीं और बांस-खूंटी रखकर रास्ता बंद कर दिया।एनएच-31 पर जाम लगने से दोनों तरफ सुल्तानपुर से लेकर पदमपुरा गांव तक करीब 3-4 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। दो घंटे तक चले जाम से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंसे रहे।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद नायब तहसीलदार नितेश शाही, कानूनगो कंगन राम, लेखपाल रामाश्रय अग्नि और थानाध्यक्ष की मौजूदगी में जामकर्ताओं से वार्ता हुई। नायब तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार 3 जुलाई को तहसील और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।