ग़ाज़ीपुर

जियें तो जियें कैसे बिजली बीना

सेवराई, गाजीपुर – तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से इंसुलेटर फटने के कारण सेवराई व देवल पावर हाउस से जुड़े दर्जनों गांवों में 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार रात करीब 10 बजे से शनिवार शाम तक बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी और उमस में लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में लगे कूलर, पंखे, एसी और फ्रिज पूरी तरह बेकार साबित हुए। पूरी रात और दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे। सबसे अधिक दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ी। बिजली न होने के कारण अधिकांश लोगों के मोबाइल फोन भी डिस्चार्ज हो गए, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित रही।बिजली संकट के साथ पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई। समरसेबल पंप बंद रहने से घरों की पानी की टंकियां खाली हो गईं। महिलाओं को बर्तन धोने, खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए सरकारी हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा और दूर-दूर से पानी लाकर जरूरतें पूरी करनी पड़ीं।स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में घंटों बिजली बाधित रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। उन्होंने विभाग से मांग की कि ऐसे फाल्ट की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था और त्वरित मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े।इस संबंध में अवर अभियंता राजकुमार गौतम ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से लाइन में फाल्ट हो गया और इंसुलेटर क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर मरम्मत कार्य में जुटे हैं और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।