फैमली आईडी में लापरवाही पर DM सख्त, रेवतीपुर BDO का वेतन रोका

गाजीपुर, 25 जून 2026 – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड दर्पण पर आधारित शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में फैमिली आईडी बनाने में लापरवाही पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए रेवतीपुर के खंड विकास अधिकारी का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।समीक्षा के दौरान विकास खंड रेवतीपुर में फैमिली आईडी की प्रगति सबसे कम मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से खंड विकास अधिकारी रेवतीपुर का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया।डीएम ने निर्देश दिया कि सभी विकास खंडों में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। सभी खंड विकास अधिकारी फैमिली आईडी की प्रगति की सूचना हर 2-2 घंटे पर लेते रहेंगे। जिन लोगों की फैमिली आईडी नहीं बनी है, उनकी सूची पंचायत सहायकों को उपलब्ध कराकर प्राथमिकता के आधार पर आईडी बनाने का काम किया जाए। विकास कार्यों को समय से पूरा करने का निर्देश:बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभागीय विकासपरक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता से लागू कर पात्र लाभार्थियों को त्वरित लाभ पहुंचाया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की लाभपरक योजनाओं से वंचित न रहे।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अर्थ एवं संख्याधिकारी समेत संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।








