लेखपाल पर ईंट से हमला,सिर फटा :DM ने कहा होगी सख्त कार्रवाई

गाजीपुर 25 जून – सरकारी काम में बाधा डालने का एक और गंभीर मामला सामने आया है। राजस्व विभाग की टीम के साथ तालाब खुदाई और नाली निर्माण कराने गए लेखपाल अनिल प्रजापति पर गांव के ही एक युवक ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में लेखपाल का सिर फट गया और गंभीर चोटें आई हैं। घायल लेखपाल को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस की मौजूदगी में हुआ हमला:घटना उस समय हुई जब राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल और पंचायती राज विभाग के कर्मियों के साथ गांव में तालाब खुदाई और नाली निर्माण का कार्य कराने पहुंची थी। सरकारी अमले को देखकर गांव का एक युवक आक्रोशित हो गया। कहासुनी के बीच युवक ने अचानक टीम में शामिल लेखपाल अनिल प्रजापति पर ईंट से हमला बोल दिया। एक ईंट सीधे लेखपाल के सिर पर लगी, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक लेखपाल लहूलुहान हो चुके थे। मेडिकल कॉलेज में भर्ती,DM ने जाना हाल :गंभीर रूप से घायल लेखपाल को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गहरी चोट है और टांके लगाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायल लेखपाल अनिल प्रजापति से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए। होगी सख्त कार्रवाई, जिलाधिकारी:जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालना और सरकारी कर्मचारी पर हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपी युवक को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन विकास कार्यों को लेकर प्रतिबद्ध है और इस तरह की घटनाओं से काम नहीं रुकेगा।सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमले के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं। राजस्व विभाग के कर्मचारियों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। लेखपाल संघ ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। तालाब खुदाई और नाली निर्माण का कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।








