ग़ाज़ीपुर

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

बिरनो (गाजीपुर) – बिरनो थाना क्षेत्र के बिरनो गांव में मंगलवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालात में कमरे में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान पिंकी कुमारी (27) पत्नी अशोक राम के रूप में हुई है। पिंकी के पिता मरदह थाना क्षेत्र के बरही गांव के रहने वाले राजमिस्त्री हैं। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी 2024 को कर्ज लेकर बेटी की शादी अशोक राम से की थी। हैसियत के मुताबिक दहेज और गृहस्थी का सारा सामान भी दिया था।शुरुआत में सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति, सास और ससुर दहेज की मांग को लेकर पिंकी को प्रताड़ित करने लगे। परिजनों के मुताबिक पिंकी चार दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी।पिंकी तीन बहनों में सबसे छोटी थी और उसके चार भाई हैं। उसकी 8 माह की एक मासूम बेटी भी है। मंगलवार को एक रिश्तेदार से मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देख मां उर्मिला देवी बिलख पड़ीं और बेटी के साथ अन्याय होने की बात कहती रहीं।स्थानीय लोगों ने बताया कि अशोक राम की शादी पहले कहीं और तय थी। रिश्ता टूटने के बाद उसी तिथि पर उसके परिजन बिना दहेज शादी का प्रस्ताव लेकर पिंकी के घर पहुंचे थे। इज्जत बचाने की बात कहकर विवाह संपन्न कराया गया था।घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। पुलिस को शव कब्जे में लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान सड़क किनारे दूसरे मकान में छिपे पति, सास और ससुर को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। मामले की जांच की जा रही है।