डीएम बोले ‘ हर घर पहुंचे सोलर का उजियारा ‘

गाजीपुर, 23 जून 2026 – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सोमवार को विकास भवन के ऑडिटोरियम हाल में मेगा शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता और सीडीओ आलोक प्रसाद की मौजूदगी में शिविर का शुभारंभ हुआ।डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य आमजन को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ते हुए बिजली का खर्च कम करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभ दिलाया जाए। सोलर रूफटॉप सिस्टम से उपभोक्ता छत पर संयंत्र लगाकर बिजली बचा सकते हैं।डीएम ने निर्देश दिया कि जनपद के हर घरेलू उपभोक्ता के यहां सोलर संयंत्र लगवाने के लिए नगर निगम, नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी कार्यालय और विद्युत विभाग की सभी डिवीजनों पर सोलर जागरूकता कैंप लगाकर आवेदन कराए जाएं। उन्होंने बताया कि जनपद में स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।कार्यक्रम में बताया गया कि जनपद में ऑनग्रिड और हाइब्रिड दोनों तरह के सिस्टम उपलब्ध हैं। हाइब्रिड सिस्टम में लिथियम बैटरी के माध्यम से बिजली कटौती के दौरान भी निर्वाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।शिविर में नेडा विभाग के पंजीकृत वेंडरों ने 100 से अधिक आवेदन कराए। हनुमत रिन्यूएबल्स प्रा०लि० ने बताया कि यूपीनेडा द्वारा प्रशिक्षित सूर्य मित्र के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर 2 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम मात्र 90,000 रुपये में लगाए जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार से सब्सिडी के रूप में 90,000 रुपये मिलेंगे, जिससे उपभोक्ताओं का अंशदान शून्य हो जाएगा।कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानन्द तिवारी, जिला अग्रणी प्रबन्धक राजदेव कुमार, अधीक्षण अभियन्ता विवेक खन्ना समेत विद्युत विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक लाभार्थी योजना की जानकारी लेकर आवेदन कर सकते हैं और सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं।








