फायर सेफ्टी में फेल आकाश कोचिंग के दो सेंटर सील,2 हजार छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़

वाराणसी – कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच में बड़ी लापरवाही सामने आने पर फायर ब्रिगेड और वाराणसी विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने सोमवार को आकाश कोचिंग के दो केंद्रों को सील कर दिया। जांच में अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी और भवन संबंधी दस्तावेजों में खामियां मिलीं। दोनों केंद्रों में करीब 2 हजार छात्र पढ़ रहे थे।निरीक्षण के दौरान दुर्गाकुंड स्थित कोचिंग सेंटर में छात्रों के आवागमन का मुख्य मार्ग मात्र 4 फीट चौड़ा मिला। अन्य निकास मार्गों की सीढ़ियां भी निर्धारित मानकों से कम चौड़ी थीं। सबसे गंभीर बात, एक आपातकालीन निकास मार्ग पर एसी की आउटर यूनिट और बड़ी मात्रा में गत्ता व अन्य सामान रखा मिला, जिससे इमरजेंसी में बच्चों का निकलना मुश्किल था।जांच के दौरान VDA अधिकारियों ने भवन का स्वीकृत नक्शा मांगा, जिसे कोचिंग संचालक प्रस्तुत नहीं कर सके। अधिकारियों ने कहा कि 2 हजार छात्रों की मौजूदगी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बेहद चिंताजनक है।चीफ फायर ऑफिसर आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में कम से कम दो निकास द्वार, स्पष्ट आपातकालीन निकास, अवरोध मुक्त सीढ़ियां, अग्निशामक यंत्र, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम और फायर एनओसी अनिवार्य है। इनमें से ज्यादातर व्यवस्थाएं दोनों सेंटरों पर नहीं मिलीं।फिलहाल दोनों केंद्रों को सील कर संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन होने के बाद ही सेंटर खोलने पर निर्णय लिया जाएगा।








