ग़ाज़ीपुर

यहां अवैध कब्जे से बन्द रास्ते पर प्रशासन का चला बुल्डोजर

भांवरकोल, गाजीपुर, 19 जून 2026 – पलिया बुजुर्ग गांव में सार्वजनिक रास्ते पर दोबारा हुए अवैध कब्जे को आखिरकार प्रशासन ने शुक्रवार को हटवा दिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। जनता दर्शन में डीएम से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।ग्रामीणों के अनुसार गांव के सार्वजनिक रास्ते पर लंबे समय से अवैध अतिक्रमण था। शिकायत पर 3 अप्रैल 2026 को एसडीएम मुहम्मदाबाद के आदेश पर नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया था। कार्रवाई के बाद ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन समेत ग्रामीणों का आवागमन सामान्य हो गया था।लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि 19 अप्रैल 2026 को संबंधित लोगों ने दोबारा रास्ते पर कब्जा कर लिया और आवागमन ठप कर दिया।पीड़ित ग्रामीणों ने 2 मई 2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को शिकायत पत्र दिया, लेकिन समस्या जस की तस रही। मामला लटकता देख ग्रामीणों ने 27 मई 2026 को जनता दर्शन कार्यक्रम में सीधे जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। डीएम के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया।शुक्रवार को तहसीलदार महेंद्र प्रसाद, नायब तहसीलदार नितिश शाही, कानूनगो मंगला प्रसाद, लेखपाल अर्पणा राय तथा भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में रास्ते की पैमाइश कराकर अवैध कब्जे को हटाया गया।ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। उनका कहना है कि रास्ता बंद होने से खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम में भारी परेशानी हो रही थी। अतिक्रमण हटने के बाद अब आवागमन फिर से सुचारु हो गया है।प्रशासनिक अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि सार्वजनिक भूमि और रास्तों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने इस रास्ते को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की मांग की है ताकि बार-बार कब्जा न हो सके।