ग़ाज़ीपुर

सोशल मीडिया के माध्यम से चल रहा था हथियारों का काला कारोबार, 7 गिरफ्तार

वाराणसी, 16 जून 2026 – पूर्वांचल में अपराधियों को अवैध हथियार सप्लाई करने वाले बड़े गिरोह का वाराणसी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। चोलापुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सात शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से .32 बोर की रिवाल्वर, 7.65 एमएम और 9 एमएम की पिस्टल, .315 बोर का तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए अपराधियों से संपर्क साधते थे। इसके बाद व्हाट्सएप पर हथियारों की फोटो, रेट और डिलीवरी लोकेशन तय कर सप्लाई दी जाती थी। गिरोह पूर्वांचल के शूटरों, लुटेरों और असामाजिक तत्वों को महंगे दामों पर हथियार बेचता था।पुलिस ने साइबर मॉनिटरिंग, सोशल नेटवर्किंग विश्लेषण और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कटारी ब्लॉक के पीछे अंडरपास क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी बड़े सौदे और संभावित आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटे थे।पूछताछ में सामने आया कि गिरोह अवैध हथियारों का इस्तेमाल सिर्फ बेचने के लिए नहीं, बल्कि खुद भी चोरी, छिनैती और लूट की वारदातों में करता था। अधिक मुनाफे के लिए ये अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराते थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने .32 बोर रिवाल्वर, 7.65 एमएम पिस्टल, 9 एमएम पिस्टल, .315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की बाइक और छह मोबाइल जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों और हथियार खरीदने वालों की तलाश कर रही है। डीसीपी ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए चल रहे अपराध पर साइबर टीम की पैनी नजर है। ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।