विधायक पल्लवी पटेल 24 समर्थको समेत पुलिस हिरासत में

वाराणसी, 15जून 2026 – NEET पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के विरोध में सोमवार को वाराणसी में अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में प्रस्तावित प्रदर्शन को पुलिस ने विफल कर दिया। बीएचयू सिंहद्वार से प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद मोर्चे पर डटे रहे। पुलिस ने पल्लवी पटेल समेत 24 समर्थकों को हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई।प्रदर्शन के दौरान पल्लवी पटेल ने NEET पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच न्यायिक निगरानी में कराने, दोषियों के नाम सार्वजनिक करने तथा परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही लेखपाल भर्ती परीक्षा दोबारा कराने और यूपीएसआई भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए स्कोरकार्ड जारी करने की भी मांग की।सूत्रों के अनुसार, रविवार रात लखनऊ से वाराणसी आते समय जौनपुर के हौज टोल प्लाजा पर पुलिस ने उनके काफिले को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पल्लवी पटेल कथित रूप से खेतों की पगडंडियों के रास्ते निकल गईं और देर रात एक ऑटो में सवार होकर बाबतपुर पहुंचीं। वहां उन्होंने एक पार्टी कार्यकर्ता के आवास पर रात बिताई।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही वाराणसी समेत आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया था। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और संबंधित संगठनों के कुछ पदाधिकारियों को नजरबंद किए जाने की भी सूचना मिली।पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी, जिसके चलते आवश्यक कार्रवाई की गई।








