ग़ाज़ीपुर

निक्षय मित्र निशांत सिंह को मिला राज्य स्तरीय सम्मान

गाजीपुर, 16 जून 2026 – जनपद में टीबी उन्मूलन अभियान को जनआंदोलन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले निशांत सिंह  निक्षय मित्र को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। विगत कई वर्षों से लगातार क्षय रोगियों को पोषण पोटली और अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे इस समाजसेवी को लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. ऋषि सक्सेना द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया।प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र के रूप में पंजीकृत होकर ये समाजसेवी निशांत सिंह जनपद के दर्जनों क्षय रोगियों को हर माह नियमित रूप से पोषण पोटली उपलब्ध करा रहे हैं। इसमें प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री, दाल, सोयाबीन, मूंगफली, गुड़ आदि शामिल रहता है। इसके साथ ही मरीजों को दवा लेने के लिए प्रेरित करना और मानसिक संबल देना भी इनके कार्यों का हिस्सा है। इनके सराहनीय कार्यों के लिए पूर्व में जिलाधिकारी और माननीय एमएलसी द्वारा भी जिला स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ के स्वास्थ्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. ऋषि सक्सेना ने निशांत सिंह को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। डॉ. सक्सेना ने कहा कि 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य में निक्षय मित्रों की भूमिका सबसे अहम है। जब समाज के लोग खुद आगे आकर मरीजों को गोद लेकर उनकी देखभाल करते हैं तो इलाज की सफलता दर कई गुना बढ़ जाती है। क्या है निक्षय मित्र योजना: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र योजना शुरू की है। इसमें कोई भी व्यक्ति, संस्था, कॉरपोरेट या एनजीओ टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण, जांच और व्यावसायिक सहयोग दे सकता है। मरीज के इलाज के 6 से 8 महीने तक हर माह पोषण किट दी जाती है। सम्मान पर जताया आभार:सम्मान मिलने पर निशांत सिंह ने  कहा, “यह सम्मान मेरे अकेले का नहीं है, उन सभी लोगों का है जो टीबी के खिलाफ इस लड़ाई में साथ दे रहे हैं। विगत कई वर्षों से निक्षय मित्र बनकर जनपद के क्षय रोगियों की सेवा कर रहा हूँ। आप सभी का आशीर्वाद सदैव बना रहे ताकि आगे भी इस सेवा कार्य को जारी रख सकूं।”स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में सैकड़ों निक्षय मित्र पंजीकृत हैं, लेकिन नियमित रूप से मरीजों तक पोषण और सहयोग पहुंचाने वाले सक्रिय निक्षय मित्रों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे सम्मान दिए जा रहे हैं। टीबी हारेगा, देश जीतेगा के संकल्प के साथ गाजीपुर में भी अभियान तेज किया गया है।