जेल या बेल कटरा गैंग के शंकर पाण्डेय के दाएं और बाएं हाथ का खेल

गाजीपुर, 13 जून 2026 – होटल व्यवसायी के बेटे विनीत उर्फ हनी राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी दुर्दांत लखटकिया इनामी शंकर पांडेय और उसके साथी आलोक दूबे पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। एसटीएफ समेत कई जिलों की पुलिस टीमें कोलकाता से गोरखपुर तक खाक छान चुकी हैं, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।सूत्रों के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद शंकर पांडेय ने पुलिस को चकमा देने के लिए नायाब तरीका अपनाया। उसने अपना मोबाइल ऑन रखकर गैंग के सदस्यों के हाथों इधर-उधर भेजा, ताकि लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस भटक जाए। उसका लोकेशन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मिला, जबकि वह खुद उस रास्ते पर गया ही नहीं। बाद में मोबाइल स्विच ऑफ करा दिया। पुलिस को अंदेशा है कि शंकर और आलोक वाराणसी में छिपे हो सकते हैं। जिस काले रंग की स्कॉर्पियो-एन से दोनों फरार हुए थे, वह वाराणसी से बरामद हो चुकी है। एसटीएफ और पुलिस की एक टीम वाराणसी पर फोकस किए हुए है। सूत्र बताते हैं कि वाराणसी में भी शंकर और आलोक का नेटवर्क सक्रिय था।शंकर का नेटवर्क आजमगढ़ जिले से भी जुड़ा है। करंडा क्षेत्र के चोचकपुर इलाके के एक युवक ने नेटवर्क बनाने में मदद की, जिसका नाम पूर्व में हेरोइन तस्करी में आ चुका है। वर्तमान में शंकर और आलोक के एक साथ होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।विनीत राय हत्याकांड में पुलिस ने 3-4 लोगों को हिरासत में लिया है। इनका सीधा संबंध केस से जुड़ा है, लेकिन भूमिका अलग थी। इनके माध्यम से मुख्य आरोपियों के बारे में पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं।जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरबीओ एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मास्टर प्लान जांच में शंकर पांडेय का मकान बिना स्वीकृत नक्शा के बना पाया गया। 12 जून तक आपत्ति दाखिल करने का निर्देश था। शंकर की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ, इसलिए एसडीएम कोर्ट ने 15 जून तक की मोहलत दी है। जवाब न देने पर भवन पर बुलडोजर चल सकता है। एनकाउंटर में मारे गए कमलेश चौधरी के भाई संजय की ओर से अधिवक्ता ने आपत्ति दाखिल कर दी है।29 मई की रात करीब 11:15 बजे होटल बिंदु के मालिक आलोक उर्फ डब्लू राय के बेटे विनीत उर्फ हनी राय की होटल के मेन गेट पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय समेत चार नामजद व कुछ अज्ञात पर केस दर्ज है। एक आरोपी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। सभी फरार आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम है।(सभार -डीएनए)








