ग़ाज़ीपुर

1.80 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

गहमर, गाजीपुर, 16 जून 2026 – अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गहमर पुलिस और कैटल स्मगलिंग टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने 260 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है।15 जून 2026 को उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पाण्डेय अपनी टीम और कैटल स्मगलिंग टास्क फोर्स के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर भदौरा की तरफ से आने वाला है। टीम ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 260 ग्राम नाजायज हेरोइन बरामद हुई।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मधुमंगल कुमार पुत्र स्व. सत्यनारायण सिंह, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम सिकरहता कला, थाना सिकरहता कला, जिला भोजपुर आरा, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने हेरोइन तस्करी में शामिल होने की बात कबूली है। पुलिस अब इसके नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना गहमर में मु0अ0सं0 102/2026 धारा 8/21/27A/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उ0नि0 शिव प्रसाद पाण्डेय मय हमराह थाना गहमर शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम के काम की सराहना की है। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।पुलिस का कहना है कि बिहार से यूपी के रास्ते हेरोइन की तस्करी की सूचना पहले से मिल रही थी। इस बरामदगी से अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह को बड़ा झटका लगा है।