टैंकर में छिपाकर लाया जा रहा 100 किलो गांजा,दो गिरफ्तार

प्रयागराज, 16 जून 2026 – उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। टीम ने टैंकर में छिपाकर लाई जा रही 100 किलोग्राम गांजे की खेप के साथ दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।एसटीएफ वाराणसी इकाई को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर एक टैंकर प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र से गुजरेगा। सूचना पर एसटीएफ ने एनसीबी टीम के साथ सुहवल चंदेल-नारीबारी मार्ग पर घेराबंदी की और टैंकर को रोककर तलाशी ली। टैंकर से 100 किलो गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर निवासी शशि यादव और बांदा निवासी अखिलेश सिंह के रूप में हुई है। कार्रवाई में टैंकर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।पूछताछ में खुलासा हुआ कि जौनपुर का कथित तस्कर पंकज यादव इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक है। आरोप है कि उसने दोनों अभियुक्तों को 2-2 लाख रुपये का लालच देकर ओडिशा से गांजा लाने के लिए तैयार किया था। तस्करों ने गांजे की खेप टैंकर में खास जगह बनाकर छिपाई थी।एनसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार मुख्य आरोपी पंकज यादव की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसटीएफ और एनसीबी मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि यह खेप कहां सप्लाई होनी थी और नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।








