जर्जर सड़क को लेकर लोगों का ग़ुस्सा फूटा, सड़क पर धान रोपाई कर जताया विरोध

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। नायकडीह हाल्ट बाजार में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। बाजार के समीप से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-124D के निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों और ट्रकों के लगातार आवागमन के कारण लगभग 150 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जलभराव से आवागमन प्रभावित हो गया है, जिससे राहगीरों, व्यापारियों तथा स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय जनता की मांग पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव ने सड़क की स्थिति को उजागर करते हुए पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह से वार्ता कर सड़क के शीघ्र नवनिर्माण की मांग की। इस पर पूर्व सांसद ने सड़क को जल्द ठीक कराने का आश्वासन दिया है।
इसी बीच स्थानीय लोगों, दुकानदारों और समाजसेवियों ने जर्जर सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है और बरसात में यह सड़क तालाब का रूप ले लेती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को होती है।विरोध प्रदर्शन में डॉ. रामबृक्ष सिंह यादव, संतोष वर्णवाल (अध्यक्ष), गुड्डू जायसवाल, रामप्रवेश, उमेश, अजीत, सुनील, मंगल, बलवंत, प्रहलाद, शेखर, हरिचरण, विंध्याचल, राजेश, शुभम, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायतें दी गईं तथा ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्रीय जनता व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। वहीं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की गई है।








