पूर्वांचल

22 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार

वाराणसी, 12 जून 2026 – एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांडेयपुर उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (JE) को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर नए मकान के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने एंटी करप्शन थाना वाराणसी मंडल में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने निर्माणाधीन मकान के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन का ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि पांडेयपुर स्थित विद्युत उपखंड के JE सुखदेव स्वरूप रस्तोगी ने कनेक्शन जारी करने के बदले 22 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। जाल बिछाकर पकड़ा गया जे.ई. :शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार को टकटकपुर स्थित मंशानगर कॉलोनी में तय स्थान पर जैसे ही आरोपी JE ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद की गई। एंटी करप्शन टीम द्वारा हाथ धुलवाने पर रासायनिक परीक्षण में घोल का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। कैंट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज:गिरफ्तार आरोपी सुखदेव स्वरूप रस्तोगी वर्तमान में 33/11 केवी उपकेंद्र पांडेयपुर में अवर अभियंता (JE) के पद पर तैनात है। आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एंटी करप्शन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।