पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का 36 घंटे में किया खुलासा,प्रेम प्रसंग में हुई थी हत्या

चंदौली, 08 जून 2026 – थाना चकिया पुलिस ने ग्राम जोगिया कला में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। सोते समय गर्दन रेतकर की थी हत्या:दिनांक 05/06.06.2026 की मध्य रात्रि में थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम जोगिया कला में बेचई उर्फ बृजेश यादव उम्र करीब 34 वर्ष की घर के बाहर चारपाई पर सोते समय गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 153/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रेम प्रसंग और सार्वजनिक अपमान बना हत्या की वजह:जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि से पिछले 4-5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर पति-पत्नी में विवाद होता था। एक सप्ताह पहले झगड़े के बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। इससे व्यथित होकर मृतक ने सार्वजनिक रूप से आरोपी के अवैध संबंधों को उजागर करना शुरू कर दिया था।आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहे आरोपी सुनील ने इसे सामाजिक अपमान मानकर बदला लेने की योजना बनाई। 05 जून को अहरौरा से लोहे की कुल्हाड़ी खरीदी और उसी रात सोते समय मृतक की गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। चिल्लाने से रोकने के लिए आरोपी ने मृतक के गमछे का टुकड़ा उसके मुंह में ठूंस दिया। हत्या के बाद कुल्हाड़ी को अपने खेत में गाड़कर सो गया।मोकरम बंधी से हुई गिरफ्तारी : 07 जून की शाम करीब 8 बजे मुखबिर की सूचना पर थाना चकिया पुलिस ने मोकरम बंधी के पास से आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया और निशानदेही पर खेत से कुल्हाड़ी बरामद हुई। एसपी ने टीम को दिया इनाम :पुलिस अधीक्षक ने इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। गिरफ्तार अभियुक्त:सुनील यादव उर्फ कवि पुत्र बलवंत यादव निवासी ग्राम जोगिया कला, थाना चकिया, जनपद चंदौली। पुलिस टीम:इस खुलासे में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उ0नि0 अनिल कुमार पांडे, उ0नि0 अमित कुमार मिश्रा, उ0नि0 गोविंद सिंह, उ0नि0 सुनील कुमार, हे0का0 अनुज कुमार यादव, का0 श्रीराम और का0 राकेश कुमार यादव शामिल रहे।








