ग़ाज़ीपुर

18 वर्षीय विवाहिता ने लगाई फांसी,पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

गाजीपुर, 06 जून 2026 – सैदपुर क्षेत्र के खानपुर थाना अंतर्गत मकरसन गांव में शनिवार सुबह एक 18 वर्षीय विवाहिता शालू राजभर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार शालू की शादी करीब एक वर्ष पहले सचिन राजभर से हुई थी। सचिन अपने माता-पिता के निधन के बाद बचपन से ही ननिहाल में रहकर जीवनयापन कर रहा था। शादी के बाद दंपती गांव में अलग मकान में रह रहे थे।बताया जाता है कि शुक्रवार रात सचिन अपने मामा के घर सोने चला गया था। उस समय शालू घर पर अकेली थी। शनिवार सुबह जब सचिन घर वापस लौटा तो पत्नी को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका शालू का मायका आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बिनोपुर गांव में है। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मकरसन गांव पहुंच गए। पुलिस ने मायके पक्ष की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।खानपुर थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति सचिन राजभर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।