ग़ाज़ीपुर

ऐसे बनाया फर्जी UPI और किया 2.76 लाख की ठगी

चंदौली, 06 जून 2026 – थाना बलुआ पुलिस और साइबर सेल चंदौली की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने UPI के माध्यम से ₹2,76,362.50 की साइबर धोखाधड़ी करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने विदेश में रह रहे खाताधारक के बैंक खाते से फर्जी तरीके से मोबाइल नंबर जोड़कर UPI ID और PIN तैयार किया था। ठगी की रकम से आरोपी ने मकान बनवाया और घरेलू सामान खरीदा। क्या था पूरा मामला:दिनांक 08.05.2026 को वादी दिनेश निषाद पुत्र राजकुमार निषाद निवासी ग्राम पुरवां नादी, पोस्ट नादी निधौरा थाना बलुआ जनपद चंदौली ने तहरीर दी थी। दिनेश ने बताया कि उनका खाता Union Bank of India शाखा रामगढ़ में है। वह 13 सितंबर 2021 को दुबई चले गए थे और 18 अप्रैल 2026 को भारत वापस लौटे।भारत आने के बाद जब वे KYC अपडेट कराने बैंक गए तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से मोबाइल नंबर 731831XXXX जोड़कर UPI बना लिया है। आरोपी ने उनकी गैरमौजूदगी में अलग-अलग तारीखों में कुल ₹2,76,362.50 निकाल लिए। दिनेश ने स्पष्ट किया कि उन्होंने UPI बनाने के लिए कोई ATM या जानकारी किसी को नहीं दी थी। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू:वादी की तहरीर के आधार पर थाना बलुआ में मु0अ0सं0 126/26 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस व 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह व साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग के नेतृत्व में टीम गठित की गई। निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श, अतिरिक्त निरीक्षक धानापुर के साथ टीम ने जांच शुरू की। मुगलसराय टैक्सी स्टैंड से हुई गिरफ्तारी:जांच के दौरान साइबर सेल और थाना बलुआ पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी विशाल पटेल पुत्र राकेश पटेल निवासी ग्राम रायपुरकला थाना सुजानगंज जनपद जौनपुर, उम्र करीब 24 वर्ष को मुगलसराय के सकलडीहा जाने वाले टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कबूला जुर्म, बताया पूरा तरीका:पूछताछ में आरोपी विशाल पटेल ने बताया कि उसने नवंबर 2025 में अपने नाम से मोबाइल नंबर 731831XXXX का सिम लिया था। उसी नंबर से कूटरचित ढंग से फोन-पे UPI ID तैयार की और PIN भी बना लिया।पहले उसने ट्रायल के तौर पर अपने अकाउंट में 1 रुपया जमा किया। सफल होने पर उसने दूसरे व्यक्ति से भी 1 रुपया डलवाकर चेक किया। पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद उसने यूनियन बैंक और यूको बैंक के खातों में करीब 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर निकाल लिए।सतर्कता के लिए वह अपने जानने वाले अकबर खान CSC वाले, शंकर लाल, अंकित पटेल और आशीष कुमार के खातों में बहाना बनाकर पैसा डलवाता और निकाल लेता था। विशाल ने कुल करीब ₹2,62,000 निकाले। उस रकम से उसने अपना मकान बनवा लिया और जरूरत का सामान खरीद लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम :इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह थाना बलुआ, साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग, निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श, उ0नि0 जमीलुद्दीन खान, उ0नि0 अभिषेक शुक्ला, हे0का0 पवन कुमार और का0 मनोज चौहान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक चंदौली ने आम जनता से अपील की है कि बैंक से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर आप लंबे समय के लिए विदेश जा रहे हैं तो बैंक को सूचित करें और खाते की नियमित निगरानी करते रहें।