पूर्वांचल

लोको पायलट ने 1.5 लाख की दिया था हत्या की सुपारी, मुठभेड़ के बाद शूटर गिरफ्तार

चंदौली, 08 जून 2026 – थाना अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने महज 24 घंटे में टड़िया-पटपरा में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश कर दिया। ब्याज के विवाद में लोको पायलट ने ही डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर बिहार के शूटरों से हत्या कराई थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता लोको पायलट और एक शूटर को गिरफ्तार किया है। बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायर करने वाले शूटर को जवाबी कार्रवाई में गोली लगी।घर से काम पर निकला था, सड़क पर मिली लाश:06 जून 2026 को सुबह 7 बजे मनोज कुमार उम्र करीब 38 वर्ष घर से श्रीराम धर्मकांटा चंदासी के लिए निकले थे। दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम टड़िया-पटपरा में सड़क पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई है। भाई अशोक कुमार की तहरीर पर थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी ने 15 घंटे किया मानिटरिंग: घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी आकाश पटेल ने कई टीमें गठित कीं। वे खुद चकिया तिराहे स्थित पुलिस बूथ पर 15 घंटे तक बैठकर मॉनिटरिंग करते रहे। जांच में सामने आया कि मृतक धर्मकांटे से 1 बजे यह कहकर निकला था कि किसी जानने वाले का एक्सीडेंट हुआ है। शव के पास मिली डायरी में ब्याज पर पैसा देने का जिक्र था। सीसीटीवी में मृतक के साथ एक अन्य व्यक्ति साइकिल से और पीछे एक मोटरसाइकिल जाती दिखी। लोको पायलट ने रची थी साजिश: सीडीआर और सीसीटीवी के मिलान से रेलवे के लोको पायलट कृष्ण भगवान सिंह का नाम सामने आया। पूछताछ में उसने बताया कि 2020 में मनोज से 3 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। ब्याज मिलाकर रकम 7 लाख हो गई थी। मनोज लगातार तकादा करता था और घर आता-जाता था। बहू के प्रति उसकी गलत नीयत से क्षुब्ध होकर हत्या की योजना बनाई। बिहार से बुलाए शूटर,45 हजार में पिस्टल ख़रीदा:कृष्ण भगवान ने बक्सर के भरत सिंह को डेढ़ लाख में सुपारी दी। पिस्टल के लिए 45 हजार नकद दिए और 45 हजार जनसेवा केंद्र से खाते में जमा कराए। 03 जून को भरत अपने साथी सूरज उर्फ राजेश के साथ मुगलसराय आया। दोनों को खाली मकान में ठहराया और घटनास्थल की रेकी कराई। ऐसे दिया वारदात को अंजाम: 06 जून को कृष्ण भगवान ने मिठाई की दुकान के कर्मचारी के मोबाइल से मनोज को फोन कर ब्याज देने के बहाने बुलाया। फिर उसे साइकिल से टड़िया गांव ले गया। पटपरा के पास पेशाब का बहाना बनाकर रुक गया। तभी पीछे से आए शूटरों ने पहले सिर में और फिर सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद शूटर बिहार भाग गए और कृष्ण भगवान ड्यूटी पर चला गया। मुठभेड़ में शूटर गिरफ्तार: पुलिस ने शूटर सूरज उर्फ राजेश निवासी भोजपुर, बिहार को गिरफ्तार किया। बरामदगी के लिए ले जाते समय उसने कैली अंडरपास के पास झाड़ी से पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एडीजी वाराणसी जोन ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 50,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। गिरफ्तार अभियुक्त:1-कृष्ण भगवान सिंह, लोको पायलट, निवासी बक्सर, बिहार। हाल पता मानस नगर, थाना अलीनगर।2–0सूरज कुमार उर्फ राजेश, निवासी पुलिस का डेरा, थाना जगदीशपुर, जनपद भोजपुर, बिहार। बरामदगी:1 पिस्टल .32 बोर, 02 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल, उ0नि0 पंकज कुमार सिंह, उ0नि0 आशुतोष गुप्ता, सर्विलांस प्रभारी उ0नि0 आशीष मिश्रा, हे0का0 इन्द्रजीत यादव, हे0का0 प्रेम प्रकाश यादव, का0 राहुल खरवार, का0 अजीत कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।