अखिलेश का भाजपा पर हमला,बोले घरेलू सिलेंडर 3 महीने में 89 रूपए मंहगा

लखनऊ, 07 जून 2026 – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई बेलगाम हो गई है और जनता त्रस्त है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें 29 रुपये बढ़ाकर सरकार ने जनता को महंगाई का एक और डोज दे दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर के 3 महीने में 89 रूपए बढ़े दाम :श्री यादव ने कहा कि आम जनता महंगाई से कराह रही है। पिछले तीन महीने में घरेलू गैस सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो गया है। वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें हजार रुपये से ज्यादा बढ़ चुकी हैं। डीजल और पेट्रोल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। पूंजीपरस्त है भाजपा की नीति: अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को गरीबों, मध्यम वर्ग और आम जनता की कोई चिंता नहीं है। भाजपा सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों के मुनाफा और लाभ बढ़ाने की तिकड़म में जुटी रहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां गरीब विरोधी और पूंजीपरस्त हैं। डबल इंजन पर साधा निशाना: सपा अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई कम करने के भाजपा के बड़े-बड़े वादों की हकीकत सामने आ गई है। डबल इंजन सरकार प्रदेश की जनता को दोनों हाथों से लूट रही है। प्रदेश सरकार बिजली की कीमत बढ़ाती है और स्मार्ट मीटर लगाकर बिल बढ़ाकर लूट करती है। वहीं दिल्ली की सरकार डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बढ़ाकर जनता की जेब काट रही है। आमदनी नहीं बढ रही, बेरोजगारी चरम पर: उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से परिवहन से लेकर खाना-पीना सब महंगा हो गया है। लोगों की आमदनी नहीं बढ़ रही है। बेरोजगारी चरम पर है। व्यापार-कारोबार चौपट हो रहा है और खेती की लागत बढ़ रही है। लेकिन भाजपा की संवेदनहीन सरकार को जनता पर तरस नहीं आ रहा है।








