ग़ाज़ीपुर

हाईवे किनारे मिला युवक का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर मुख्य बाजार स्थित गाजीपुर-आजमगढ़ हाईवे पर बंद पड़े रेलवे गेट संख्या 11-बी के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक सुबह से ही गेट के आसपास नशे की हालत में बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। राहगीरों को लगा कि वह नशे में है और कुछ देर बाद अपने घर चला जाएगा। कई लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया तथा उसके सिर पर पानी भी डाला, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दोपहर करीब 3:40 बजे लोगों को उसकी मौत की जानकारी हो सकी। सूचना मिलने पर पहुंची दुल्लहपुर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से कुछ नकदी, एटीएम कार्ड तथा नीलकंठ एचपी गैस का नया पंजीकरण रसीद मिला। दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान थाना दुल्लहपुर क्षेत्र के जलालाबाद भागीरथपुर निवासी राजीव कुमार (लगभग 40 वर्ष) पुत्र संतु कुमार के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार राजीव कुमार पेशे से राजमिस्त्री था। वह पढ़ा-लिखा होने के कारण शिक्षक बनने के लिए भी प्रयासरत था। उसके परिवार में पत्नी समीना और दो बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले पत्नी से विवाद के बाद वह मानसिक तनाव में चल रहा था।मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक के सीने में चोट का निशान था, जिस पर पट्टी बंधी हुई थी। वह नेवी ब्लू रंग की शर्ट और नेवी ब्लू जींस पहने हुए था। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि भीषण गर्मी, शारीरिक कमजोरी अथवा अन्य कारणों से उसकी मौत हुई हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।”फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।