जुड़वां भाई एक साथ जन्मे और एक साथ गुजरे, परिजनों सहित ग्रामीण शोकाकुल

नन्दगंज (गाजीपुर)। स्थानीय थानाक्षेत्र के मुड़रभा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में जुड़वा भाइयों हिमांशु यादव और प्रियांशु यादव उम्र 16 वर्ष की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, मुड़रभा गांव निवासी बच्चे लाल यादव के जुड़वा पुत्र हिमांशु यादव और प्रियांशु यादव कक्षा 10 के छात्र थे। सोमवार को दोनों भाई गांव के एक पोखरे में नहाने गए थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई खोजबीन के दौरान पोखरे के किनारे दोनों भाइयों के कपड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखरे में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों के शव पोखरे से बाहर निकाले गए। एक साथ जुड़वा भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में हाहाकार मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाई स्वभाव से मिलनसार, अनुशासित और पढ़ाई में अच्छे थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने और उनका मनोबल बढ़ाने में जुटे हैं। वही घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।








