व्यापारी देश का निर्माता है – सदस्य राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग,बीनू जी

गाजीपुर, 07 जून 2026 – राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश के सदस्य सत्यदेव कुमार बारी ‘बीनू जी’ की अध्यक्षता में शनिवार को रायफल क्लब सभागार में जनपद के व्यापारियों के साथ बैठक और प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।बैठक का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा वर्ग से आने वाले व्यापारियों की समस्याओं को सुनना और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था। जनपद के विभिन्न बाजारों, मंडियों, रिटेल और थोक व्यापार से जुड़े सैकड़ों व्यापारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, उद्योग संघ के प्रतिनिधि, महिला उद्यमी और युवा व्यापारी इसमें शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए सत्यदेव कुमार बारी ‘बीनू जी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मानना है कि व्यापारियों के सहयोग के बिना प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के व्यापारी अपनी मेहनत और उद्यमिता से न केवल परिवार पालते हैं बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी देते हैं।श्री बारी ने कहा कि आयोग का काम सिर्फ शिकायत सुनना नहीं है, बल्कि उन बाधाओं को दूर करना है जो पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति को आगे बढ़ने से रोकती हैं। चाहे लोन की समस्या हो, लाइसेंस, GST की जटिलता हो या मंडी में जगह की कमी, हर व्यापारी को सम्मान और बराबर का अवसर मिलना चाहिए।उन्होंने व्यापारियों से ‘एक जनपद एक उत्पाद’ ODOP, ‘विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना’, ‘मुद्रा योजना’ और ‘ओबीसी उद्यमी योजना’ जैसी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कहा कि आयोग का लखनऊ कार्यालय हर व्यापारी के लिए खुला है।बैठक का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा ओपन माइक सेशन रहा। इसमें व्यापारियों ने लोन, लाइसेंस, GST और मंडी में जगह जैसी समस्याएं सीधे आयोग के सदस्य के सामने रखीं। श्री बारी ने आश्वासन दिया कि आयोग व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि जब व्यापारी समृद्ध होगा तभी गांव और उत्तर प्रदेश समृद्ध होगा।








