सोशल मीडिया द्वारा संचालित गैंग्स पर पुलिस का बड़ा वार,49 गैंग चिन्हित,11 गिरफ्तार

गाजीपुर, 07 जून 2026 – जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से इलाके में दहशत फैलाने वाले आपराधिक गैंगों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में 01 जून से 05 जून तक चले 5 दिवसीय विशेष अभियान में 49 गैंगों को चिन्हित कर 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। कैसे काम करते हैं ये गैंग: पुलिस के अनुसार, जनपद में थाना स्तर पर कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग, फरसा गैंग जैसे नामों से कई आपराधिक गैंग सक्रिय हैं। इनके सदस्य कई बाइकों पर झुंड बनाकर चलते हैं और राहगीरों को परेशान करते हैं। ये सोशल मीडिया पर आक्रामक पोस्ट डालते हैं, अवैध असलहों के साथ फोटो-वीडियो शेयर करते हैं। फेसबुक लाइव और इंस्टाग्राम रील्स के जरिए आपराधिक घटनाओं को रिकॉर्ड कर दहशत का माहौल बनाते हैं। स्थानीय विवादों में जबरन दखल देकर उद्दण्डता करना भी इनका तरीका रहा है। पांच दिन के अभियान में हुई कार्रवाई: जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार “ऑपरेशन वज्रपात” में अब तक की कार्रवाई: 1-चिन्हित गैंग: 49 , गैंग लीडर समेत सदस्य: 401, दर्ज मुकदमे: 39, गिरफ्तार: 11। इसके अलावा चिन्हित गैंगों के लीडर और सदस्यों के खिलाफ समुचित धाराओं में निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। आगे भी जारी रहेगा अभियान: पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नए बनने वाले गैंगों और सोशल मीडिया पर उनकी हर गतिविधि पर पुलिस की सतर्क नजर रहेगी। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।गाजीपुर पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन वज्रपात” का मकसद सोशल मीडिया की आड़ में पनप रही गैंग कल्चर को खत्म करना और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।








