30 साल पुराने आशियाने पर चला बुल्डोजर, ग्रामीणों में आक्रोश

जखनिया (गाजीपुर), 07 जून 2026 – तहसील जखनिया के मंझनपुर कला गांव में शनिवार को प्रशासन ने बंजर जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। आरोप है कि महेंद्र राम पुत्र विश्राम राम के 30 साल पुराने आशियाने पर बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध जताया और भेदभाव का आरोप लगाया। 30 साल से रह रहा था परिवार: ग्रामीणों के अनुसार महेंद्र राम सब्जी की दुकान लगाकर परिवार चलाते हैं। उनके तीन बेटी और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि महेंद्र का परिवार करीब 30 साल से इसी बंजर जमीन पर रह रहा था। लेखपाल से ग्रामीणों की तिखी बहस : कब्जा हटाने पहुंचे मंझनपुर चौकी इंचार्ज राजमणि सरोज के साथ हल्का लेखपाल अरुण यादव भी मौजूद थे। मौके पर लेखपाल अरुण यादव ने बताया कि यह बंजर की जमीन है जिसका रकबा 297 हे. है। उच्च अधिकारियों के आदेश पर खाली कराया जा रहा है। जब लेखपाल से पूछा गया कि गांव में और कहां- कहां बंजर जमीन पर कब्जा है, तो वे जानकारी नहीं दे पाए। SDM ने कहा – शिकायत पर होगी कार्रवाई: इस मामले में उप जिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार श्रीवास्तव से पूछने पर उन्होंने कहा कि जहां कब्जा था वहां से हटवाया जा रहा है। यदि गांव में कहीं और कब्जे की शिकायत मिलती है तो उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने लगाया भेदभाव का आरोप: प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि ने भी गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा किया है, लेकिन उनका कब्जा नहीं हटाया जा रहा। गरीबों पर ही कार्रवाई हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।








