पूर्वांचल

चहनियां बाजार में पिस्टल सटाकर लूट करने वाले गैंग से मुठभेड़,दो गिरफ्तार

चंदौली, 07 जून 2026 – चंदौली पुलिस ने चहनियां बाजार में दिनदहाड़े पिस्टल सटाकर राहगीर से मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। थाना बलुआ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एक उपनिरीक्षक घायल हुए हैं, जबकि एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। क्या थी घटना: दिनांक 06.06.2026 को वादी गोविंद मिश्रा निवासी ग्राम मिश्रपुरा, थाना बलुआ ने तहरीर दी कि 03.06.2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह निजी कार्य से चहनियां बाजार गए थे। चहनियां बाजार की गली में पल्सर मोटरसाइकिल UP67AP0524 पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनका VIVO मोबाइल फोन व जेब में रखे ₹3,200 लूटकर फरार हो गए। थाना बलुआ में मु0अ0सं0 0164/2026, धारा 309(6) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। ऐसे पकड़े गए आरोपी:थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना पर बदमाशों की पहचान की। 07.06.2026 को सूचना मिली कि अभियुक्त अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू निवासी अटौली, थाना धानापुर और आकाश कुमार निवासी महुअर, थाना बलुआ अपने घर पर हैं और भोर में भागने की फिराक में हैं।पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर बलुआ पुल के पास चेकिंग लगाई। दोनों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान के बाएं हाथ में गोली लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायर किया। इसमें अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। दूसरे आरोपी आकाश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी:गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 01 अवैध पिस्टल व 01 खोखा, 01 अवैध 315 बोर तमंचा व 01 खोखा, लूटा गया मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल UP67AP0524 बरामद हुई है। आरोपियों पर दर्ज मुकदमे: 1. अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू: इसके खिलाफ थाना धानापुर और चंदौली में चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत 6 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। 2. आकाश कुमार: इस पर थाना बलुआ में आर्म्स एक्ट व चोरी के सामान रखने के 3 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम:‌ इस सनसनीखेज लूट का अनावरण करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह मय हमराह शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक चंदौली ने टीम की सराहना की है। घायल दरोगा और बदमाश का इलाज चल रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।