ग़ाज़ीपुर

समय से पहले दुकान से दारू बिक्री का विडियो वायरल

कठवामोड़/गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित सरकारी देशी शराब दुकान एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर रविवार को सुबह 7:27 बजे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निर्धारित समय से पहले शराब बिक्री होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 5 मार्च 2026 को भी इसी दुकान का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें सुबह करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल की डिग्गी से शराब बिक्री किए जाने का आरोप लगा था। उस समय भी मामला चर्चा में रहा और जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। अब करीब तीन महीने बाद उसी दुकान का नाम फिर विवादों में आने से यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर बार-बार एक ही दुकान से ऐसे आरोप क्यों सामने आ रहे हैं? यदि पहले मामले की जांच हुई थी, तो उसका निष्कर्ष क्या रहा l शराब दुकानों के संचालन के लिए समय निर्धारित है। ऐसे में यदि समय से पहले बिक्री के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि निगरानी तंत्र की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर यूजर अजीत कुमार पांडेय ने मामले को उठाते हुए आबकारी विभाग, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा अन्य अधिकारियों को टैग कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार वीडियो सामने आने के बावजूद यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तो इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाता है। चर्चा यह भी है कि नियम सबके लिए समान हैं या कुछ जगहों पर उनका पालन अलग तरीके से होता है।फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। लेकिन लगातार सामने आ रहे ऐसे प्रकरण यह जरूर संकेत देते हैं कि आबकारी व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है।इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। यदि अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी है क्योंकि सवाल सिर्फ एक वीडियो का नहीं, बल्कि नियमों की साख और प्रशासनिक जवाबदेही का भी है।