ग़ाज़ीपुर

भाजपा शहीद की आड़ में ओछी राजनीति कर रही है – सपा विधायक डॉ वीरेंद्र यादव का आरोप

गाजीपुर, 16 जून 2026 – जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने भाजपा पर शहीद के नाम पर झूठे आंसू बहाकर जातीय विद्वेष फैलाने और राजनीतिक रोटी सेंकने का आरोप लगाया है। सोमवार को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन पर पत्रकार वार्ता में उन्होंने जैतपुरा गांव के शहीद महेश कुशवाहा के मामले पर भाजपा की राजनीति को ओछी और निंदनीय बताया। गेट और सड़क हमने बनवाया, भाजपा ने कुछ नहीं किया: डॉ. यादव ने कहा कि जैतपुरा में गंगा दास बाबा के नाम पर बने गेट को शहीद स्मृति द्वार बनाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन जिस गेट की बात हो रही है उसे उनके पिता व पूर्व विधायक स्व. कैलाश यादव ने 2006 में पूर्वांचल विकास निधि से बनवाया था। शहीद के नाम पर जिस जर्जर सड़क की बात हो रही है, वह गड्ढे में तब्दील थी। उस सड़क को उन्होंने ही शासन से 50 लाख रुपये स्वीकृत कराकर बनवाया है। शहीद की प्रतिमा वाली जमीन भी हमने बदलवाई: विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने शहीद के घर तक सड़क बनाने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। बंजर की 9 धूर जमीन पर शहीद की प्रतिमा लगाने के लिए डीएम ने पट्टा किया था, लेकिन परिवार ने लेने से मना कर दिया था। उस जमीन की नवैयत बदलवाकर शहीद के नाम करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मूर्ति और फाउंडेशन का खर्च भी शहीद परिवार ने ही दिया है। डॉ. यादव ने जिलाधिकारी के उस बयान को पूरी तरह झूठा बताया जिसमें कहा गया कि गेट पर 2021 से ही शहीद का नाम दर्ज था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा मीडिया में चलवाया जा रहा बयान कि विधवा परिवार को विधायक आवास से अपमानित कर भगा दिया गया, पूरी तरह गलत है। “हमारे आवास पर शहीद परिवार का कोई सदस्य आया ही नहीं। शहीद हमारे गांव के हैं, उनकी शहादत ने हम सबको गौरवान्वित किया है।” भाजपा फूट डालो-राज करो की नीति पर चलतीं है: सपा विधायक ने कहा कि भाजपा का मूल स्वभाव अंग्रेजों की तरह फूट डालो-राज करो की नीति पर चलना है। इस मामले में भी भाजपा यही कर रही है। बिना तथ्य और जानकारी के आरोप लगाना सस्ती लोकप्रियता के लिए है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार के लिए जो भी हो सकेगा, जी-जान से करेंगे। भाजपा शहीद के सम्मान में कुछ अच्छा करे, अनर्गल प्रलाप न करे।पत्रकार वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरूण कुमार श्रीवास्तव समेत कई नेता मौजूद रहे।