ग़ाज़ीपुर

मोदी के 12 साल स्वर्णाक्षरों में लिखे जाएंगे- भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह का दावा

गाजीपुर, 18 जून 2026 – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए अद्वितीय कार्यों को स्वर्णाक्षरों में अंकित किया जाएगा। आने वाली पीढ़ियां इनको पढ़ेंगी। भारत बहुत बड़े बदलाव का साक्षी है और देश बड़े बदलाव का संकल्प लेकर चल रहा है।वृहस्पतिवार को नगर के अग्रवाल पैलेस में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने यह बात कही। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वे एक दिवसीय दौरे पर गाजीपुर पहुंचे थे।अरुण सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना साकार होकर रहेगा, यही भाजपा और सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि “देश के नेता पर विश्वास है। मोदी जी 24 घंटे काम करने वाले नेता हैं। इन 12 वर्षों में जहां कभी भाजपा की सरकारें नहीं रहीं, वहां भी भारी जनसमर्थन मिला है। यह नेता पर विश्वास का परिणाम है।”उन्होंने कहा कि विश्व के 32 देशों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार दिया है। “यह सिर्फ चेहरे देखकर नहीं, बल्कि उनके काम, काम करने के तरीके और निष्ठा को देखकर दिया गया है।” कोरोना काल में 120 करोड़ लोगों को समय से मुफ्त वैक्सीन लगाई गई। अगर भारत यह वैक्सीन नहीं बनाता तो स्थिति भयावह होती।राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि आज भारत तेज गति से चलने वाली अर्थव्यवस्था का देश है। पिछले 12 वर्षों में विकास योजनाओं में 6 गुना वृद्धि हुई, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। यही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की ओर बढ़ने का मजबूत आधार है। प्रबुद्धजनों का सम्मान: इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुश्री सविता सिंह,अमरनाथ तिवारी, विनिता राय, डॉ. आरपी शर्मा, रणजीत सिंह एडवोकेट, सुनील कुशवाहा, अंजय अग्रवाल और गौरव गुप्ता को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व रामायण-गीता देकर सम्मानित किया गया।जिला प्रभारी डॉ. राकेश त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, डॉ. संगीता बलवंत, विशाल सिंह चंचल, सरोज कुशवाहा, भानुप्रताप सिंह सहित सभी ब्लॉक प्रमुखों ने राष्ट्रीय महामंत्री का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार मेहनत से काम कर रहे हैं और 12 वर्षों में विकास के ऐतिहासिक आयाम तय किए हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व वंदेमातरम से और समापन राष्ट्रगान से हुआ। अध्यक्षता श्रीनिवास सिंह कुशवाहा व संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, अभिनव सिन्हा, पारसनाथ राय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व प्रबुद्धजन मौजूद रहे।