परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पिकअप ने दो किशोरों को रौंदा एक की मौत

बहरियाबाद, गाजीपुर, 17 जून 2026 – बहरियाबाद थाना क्षेत्र के हुसैनपुर मुर्थान स्थित प्रसिद्ध टड़वा भवानी मंदिर में बुधवार को दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे आजमगढ़ के एक परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मंदिर परिसर के बाहर सड़क किनारे खड़े 12 वर्षीय किशोर को डीजे लदी अनियंत्रित पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के मालपार (पल्हना) निवासी बबलू गौड़ बुधवार को अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ टड़वा भवानी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे सभी लोग मंदिर परिसर के पास नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान बबलू गौड़ का 12 वर्षीय पुत्र शिवम गौड़ और उसका मौसेरा भाई 10 वर्षीय निखिल, निवासी कांजही थाना देवगांव, आजमगढ़ मंदिर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेलहाडीह की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही डीजे लदी अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे खड़े दोनों मौसेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही बहरियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दोनों घायल बच्चों को परमानपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने शिवम गौड़ को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही माता खुशबू और पिता बबलू गौड़ का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनकी करुण पुकार से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। घायल निखिल गौड़ का इलाज चल रहा है।बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता बबलू गौड़ की तहरीर पर आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन की तलाश और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।दर्शन-पूजन को आए परिवार के साथ हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।








