ग़ाज़ीपुर

सावन-कांवड़ यात्रा और मोहर्रम को लेकर डीएम -एसपी ने की बैठक, दिया सख्त निर्देश

गाजीपुर, 17 जून 2026 – आगामी सावन माह, कांवड़ यात्रा और मोहर्रम के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।डीएम और एसपी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी पर्वों की संवेदनशीलता को देखते हुए छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लिया जाए और तत्काल कार्रवाई की जाए। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।अधिकारियों ने बताया कि सभी ताजियादारों को ताजिए की ऊंचाई 10 फीट से कम रखने के लिए निर्देशित किया गया है। सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्र में ताजियों के रूट का भ्रमण करने और पूर्व के वर्षों में विवादित रहे स्थानों की गहन समीक्षा करने को कहा गया है। जहां विवाद की संभावना है, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था की प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटकर प्रभावी पिकेट, गश्त और पुलिस व्यवस्था करने को कहा गया।ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, डंडा समेत अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण अनिवार्य रूप से साथ रखने के सख्त निर्देश दिए गए।सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों पर 24 घंटे सतत निगरानी रखने के आदेश दिए गए। भ्रामक, आपत्तिजनक और सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित कर कार्रवाई करने को कहा गया। सभी पुलिस वाहनों में लाउड हेलर और पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम से शांति-सौहार्द की अपील करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।