ग़ाज़ीपुर

शार्ट सर्किट से पोल्ट्री फार्म में लगी आग,20 हजार का सामान हुआ राख

सेवराई, गाजीपुर – स्थानीय क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव स्थित नहर के पास एक पोल्ट्री फार्म में सोमवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार सेवराई गांव निवासी बबलू सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह का पोल्ट्री फार्म मिश्रवलिया गांव के नहर के पास स्थित है। वर्तमान में फार्म बंद होने से उसमें कोई मुर्गी नहीं थी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे बिजली कनेक्शन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने फार्म में रखे सामान को चपेट में ले लिया। धुआं और ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और फार्म मालिक को सूचना दी।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक साइकिल, समरसेबल पंप का स्टार्टर, मुर्गियों के खाने-पीने के करीब 120 प्लास्टिक के बर्तन, भूसी और अन्य सामग्री जल चुकी थी। पीड़ित बबलू सिंह के अनुसार आग से लगभग 20 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो लपटें आसपास के अन्य पोल्ट्री फार्म तक फैल सकती थीं। घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।