ग़ाज़ीपुर

पीएम आवास योजना की सूची 30 जून तक होगी तैयार

गाजीपुर, 20 जून 2026 – प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे-2024 के तहत प्राथमिकता प्रतीक्षा सूची तैयार करने को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की मौजूदगी में हुई बैठक में आयुक्त ग्राम्य विकास द्वारा जारी एसओपी पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में बताया गया कि ग्राम पंचायतों की प्राथमिकता सूची तैयार करने के लिए ब्लॉक स्तर पर Deletion Module की कार्यवाही पूरी कर प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजा जाएगा। जिला स्तर से अनुमोदन के बाद ग्राम पंचायतवार व लाभार्थीवार सूची का प्रिंट निकालकर ग्रामसभा की खुली बैठक में तथ्य सत्यापन किया जाएगा।डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान विशेष रूप से जांच करें कि लाभार्थी को पहले पीएम या सीएम आवास योजना का लाभ मिला है या नहीं। साथ ही लाभार्थी की मृत्यु होने व वारिस न होने, स्थायी पलायन, भूमिहीन परिवारों की वर्तमान स्थिति और प्रथम बार लाभार्थी की वास्तविक पात्रता की भी जांच की जाए। जरूरी संशोधन सिस्टम जनरेटेड प्रिंट पर ही अंकित करने होंगे।डीएम ने निर्देश दिए कि खुली बैठक से पहले ब्लॉक स्तर पर ग्राम पंचायत सचिवों, एडीओ और सेक्टर प्रभारियों की बैठक कर एसओपी की पूरी जानकारी दी जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से 30 जून 2026 तक पूरी की जाए, ताकि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।