बिजली चोरी पर विभाग सख़्त, दर्जनों उपभोक्ता मीटर बाईपास करते पकड़े गए

गाजीपुर – भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग बढ़ने के साथ ही विद्युत विभाग ने चोरी रोकने के लिए शिकंजा कस दिया है। हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर कार्रवाई तेज करते हुए सोमवार को अधिशासी अभियंता नगर गोपाल सिंह के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। मीटर बाईपास कर चला रहे AC : टीम ने मच्छरहट्टा, प्रकाश टॉकीज, बरबहना और रायगंज क्षेत्रों में अचानक पहुंचकर जांच की। इस दौरान दर्जनों उपभोक्ता मीटर को बाईपास कर अवैध तरीके से बिजली चोरी करते मौके पर पकड़े गए। कई घरों में चोरी की बिजली से AC समेत भारी विद्युत उपकरण चल रहे थे। पहली बार पकड़े गए उपभोक्ताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया और भविष्य में चोरी न करने की सख्त हिदायत दी गई। लखनऊ से हो रही निगरानी: अधिशासी अभियंता नगर गोपाल सिंह ने बताया कि हाई लाइन लॉस फीडरों की लगातार लखनऊ स्तर से निगरानी की जा रही है। बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए ही यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि चोरी से AC चलाने वालों को अंतिम चेतावनी दी गई है। दोबारा पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई होगी। अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपयोग वैध तरीके से करें और मीटर के माध्यम से ही विद्युत उपभोग करें। बिजली चोरी से विभाग को नुकसान होता है और ईमानदार उपभोक्ताओं को भी लो-वोल्टेज व ट्रिपिंग जैसी परेशानी झेलनी पड़ती है।चेकिंग अभियान में सदर एसडीओ मुन्नीलाल, अवर अभियंता तपस कुमार, मनोज कुमार सहित विद्युत विभाग के लाइनमैन और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








