ग़ाज़ीपुर

20 वर्षीय युवक की चाकू- डंडे से गोदकर हत्या

भांवरकोल (गाजीपुर) – भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पिता को खाना देने जा रहे 20 वर्षीय अजय यादव की घात लगाए दर्जनों हमलावरों ने चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।वीरपुर निवासी श्रीकांत यादव का 20 वर्षीय बेटा अजय यादव सुबह करीब 9 बजे साइकिल से खाना और पशुओं के लिए धोवन लेकर सेमरी डेरवा पर मौजूद पिता के पास जा रहा था। रास्ते में ‘कोट’ के पास पहले से घात लगाए दर्जनों हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।हमलावर चाकू, लाठी-डंडों से लैस थे। उन्होंने अजय पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। गर्दन पर चाकू से कई वार किए गए। हाथ, पैर और सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। अजय लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। अस्पताल पंहुचने से पहले तोड़ा दम:उसी समय डेरे से लौट रहे अजय के चाचा रमायन यादव ने भतीजे को खून से लथपथ देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर राकेश यादव, पवन यादव समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख हमलावर भाग निकले।परिजन तुरंत अजय को गांव के डॉ. प्रदीप शर्मा के अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने मुहम्मदाबाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। पुरानी रंजिश बनी वजह:थानाध्यक्ष संतोष कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया।थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है। इससे पहले 30 अक्टूबर 2025 को भी अजय की कुछ लोगों ने पिटाई की थी। उस मामले में थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।मृतक अजय दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई नितीश कुमार बाहर काम करता है। पिता श्रीकांत यादव खेती करते हैं। अजय पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।थानाध्यक्ष ने बताया, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल पीड़ित परिवार से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”