ग़ाज़ीपुर

पानी बचाने को धान की सीधी बोआई पर जोर,फसल 10 दिन पहले होगी तैयार

गाजीपुर, 25 जून 2026 – बदलते मौसम, कम बारिश की आशंका और गिरते भूजल स्तर को देखते हुए कृषि विभाग ने इस खरीफ सीजन में धान की खेती के लिए नई रणनीति बनाई है। विभाग अब पारंपरिक रोपाई की जगह डीएसआर यानी डायरेक्ट सीडेड ऑफ राइस तकनीक से धान की सीधी बोआई को बढ़ावा दे रहा है।जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि शासन ने जनपद को 1,29,532 हेक्टेयर में धान की बोआई का लक्ष्य दिया है। इसे समय से पूरा करने के लिए विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक कर रहे हैं। राजकीय बीज गोदामों पर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध करा दिए गए हैं।कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक पारंपरिक तरीके में पहले नर्सरी तैयार कर पानी भरे खेतों में कद्दू करके मजदूरों से रोपाई करानी पड़ती है, जिसमें पानी और मजदूरी दोनों ज्यादा लगती है। वहीं डीएसआर तकनीक से सीधी बोआई करने पर खेत में हर समय पानी भरकर रखने की जरूरत नहीं होती। इससे 50-60% तक पानी और 30-35% तक लागत बचती है। नर्सरी और रोपाई के लेबर खर्च से भी मुक्ति मिलती है।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि डीएसआर विधि से फसल करीब 7 से 10 दिन पहले पककर तैयार हो जाती है। इससे किसानों को अगली फसल के लिए समय मिल जाएगा।किसानों को सलाह दी गई है कि डीएसआर तकनीक से सीधी बोआई करते समय खरपतवार नाशक पेंडीमेथलीन दवा का सही समय पर छिड़काव जरूर करें, क्योंकि शुरुआती दिनों में खेत सूखा होने से घास उगने की आशंका रहती है।