पूर्वांचल

वाराणसी विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्यवाही 8 कोचिंग सेंटर सील

वाराणसी – भवन मानकों और सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर चल रहे कोचिंग संस्थानों पर वाराणसी विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लिया। शहर के विभिन्न जोनों में चले अभियान में एलन, आकाश इंस्टीट्यूट, महेंद्रा कोचिंग समेत 8 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। वाराणसी विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने किया औचक निरीक्षण: VDA उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने शिवपुर और सिकरौल क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। जांच में एलेन कोचिंग सेंटर बिना आवश्यक स्वीकृतियों और निर्धारित भवन मानकों के संचालित मिला, जिसके बाद परिसर को तत्काल सील कर दिया गया। सारनाथ में तीसरी मंजिल – बेसमेंट तक सील सारनाथ क्षेत्र में दो संस्थानों पर कार्रवाई हुई। पहाड़िया स्थित एक भवन में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कोचिंग संचालन मिलने पर तीसरी मंजिल सील की गई। वहीं पंचकोशी रोड पर एक परिसर में बिना अनुमति बेसमेंट में लाइब्रेरी और भूतल पर कोचिंग चलती मिली, तो पूरा परिसर सील कर दिया गया। सिगरा से दुर्गाकुंड तक कार्रवाई: सिगरा क्षेत्र में भवन मानकों की अनदेखी पर एक बहुमंजिला भवन पर कार्रवाई की गई। जोन-4 में VDA सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में संकट मोचन मार्ग और साकेत नगर स्थित एलेन की शाखाएं, दुर्गाकुंड स्थित एल-1 कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट और महेंद्रा कोचिंग को सील किया गया। छात्रों की सुरक्षा से समझौता नहीं: VDA प्रशासन ने साफ किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और भवनों की संरचनात्मक मजबूती से कोई समझौता नहीं होगा। बिना मानचित्र स्वीकृति या स्वीकृत नक्शे के विपरीत संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।