पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, एक फरार

जौनपुर, 25 जून 2026 – थाना नेवढ़िया व जलालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार-बुधवार की रात हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थानाध्यक्ष नेवढ़िया निखिलेश कुमार तिवारी टीम के साथ 24/25 जून की रात संदिग्ध वाहन/व्यक्ति की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका गया। रुकने के बजाय बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए सीतमसराय की तरफ भागने लगे।पुलिस ने तत्काल कंट्रोल रूम, थानाध्यक्ष जलालपुर और चौकी प्रभारी सीतमसराय को सूचना देकर घेराबंदी कराई। थानाध्यक्ष जलालपुर प्रशांत कुमार सिंह व चौकी प्रभारी शिवभंजन प्रसाद ने फोर्स के साथ सीतमसराय में आगे का रास्ता ब्लॉक कर दिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में थानाध्यक्ष नेवढ़िया ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। दूसरा बदमाश अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गया। घायल बदमाश पर एक दर्जन केस:घायल बदमाश की पहचान अरविंद राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी ग्राम जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई। उसने फरार साथी का नाम महेश यादव उर्फ छोटू पुत्र समरजीत यादव निवासी महरेवं, जलालपुर बताया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक अरविंद राजभर पर जौनपुर और वाराणसी के विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी:पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस .315 बोर और एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। आपराधिक इतिहास:अरविंद राजभर पर थाना मुंगराबादशाहपुर में धारा 304(2), 317(2) बीएनएस, नेवढ़िया में धारा 309(4), 317(2) व 3/25 आर्म्स एक्ट, चंदवक में गैंगस्टर एक्ट, वाराणसी के शिवपुर, फूलपुर, सारनाथ थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास के कई मुकदमे दर्ज हैं।मुठभेड़ में SO नेवढ़िया निखिलेश कुमार तिवारी, SO जलालपुर प्रशांत कुमार सिंह, उ.नि. नारद पाल, उ.नि. शिवभंजन प्रसाद, उ.नि. सुग्रीव प्रसाद गुप्ता मय टीम शामिल रहे। पुलिस फरार बदमाश महेश यादव की तलाश में दबिश दे रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








