संचारी रोग नियंत्रण के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

गाजीपुर, 25 जून 2026 – संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिले में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान का दूसरा चरण चलाया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए बुधवार को कृषि भवन सभागार में विभाग के सभी क्षेत्रीय कार्मिकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।जिला कृषि रक्षा अधिकारी उमेश कुमार ने प्रशिक्षण में बताया कि चूहे एवं छछूंदर के माध्यम से कई संचारी रोग फैलते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनसामान्य के सहयोग के बिना संभव नहीं है। सभी कर्मचारी अपनी-अपनी न्यायपंचायत में छोटी-छोटी गोष्ठियां कर किसानों को चूहा-छछूंदर नियंत्रित करने और मच्छररोधी पौधे लगाने के लिए प्रेरित करें।अधिकारी ने बताया कि घरों में जिंक फास्फाइड 80 प्रतिशत की 1 ग्राम मात्रा को 48 ग्राम भूने हुए चने में सरसों का तेल मिलाकर बनाए चारे को बिल में रखने से चूहे खाकर मर जाते हैं। वहीं एल्यूमिनियम फास्फाइड 56 प्रतिशत की 3-4 ग्राम मात्रा बिल में डालकर बिल बंद कर देने से निकलने वाली फास्फीन गैस से भी चूहे मर जाते हैं।कार्मिकों को किसानों के बीच लेवेंडर, नीम, तुलसी, लेमनग्रास व गेंदा जैसे मच्छररोधी पौधे लगाने का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।प्रशिक्षण में राज नाथ सिंह यादव, व.प्रा.स. ग्रुप-बी/प्रभारी वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए, अशोक कुमार वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-बी (कृ.र.) एवं समस्त विकासखण्ड स्तरीय सहायक विकास अधिकारी कृषि/कृ.र. तथा सभी क्षेत्रीय कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने संचारी रोगों की रोकथाम पर अपने-अपने सुझाव रखे।








