पूर्वांचल

1.42 क्विंटल गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मूल्य 1 करोड़

सोनभद्र 25 जून 2026:- थाना चोपन पुलिस और एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक फैले अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 क्विंटल 42 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा, दो लग्जरी कार, फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल और नकदी बरामद की है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। बैरियर पर चेकिंग के दौरान भागे, पीछा कर पकड़ा गया:पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन बैरियर पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान इनोवा और स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों वाहन चालक गाड़ियां भगाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर सलखन स्थित गांधी आश्रम के पास दोनों वाहनों को घेरकर रोक लिया।तलाशी लेने पर दोनों कारों से प्लास्टिक की पांच बोरियों में भरा 1.42 क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से मो. जावेद निवासी लखनऊ और अनुज कुमार मौर्य निवासी रायबरेली को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने साथी ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश के साथ मिलकर उड़ीसा से गांजा लाते थे। इसके बाद रायबरेली समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सप्लाई करते थे। तस्करी के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम को इस बड़ी बरामदगी के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।