पूर्वांचल

सावन में काशी को रोपवे की सौगात

वाराणसी – काशी वासियों और पर्यटकों की ट्रैफिक की टेंशन खत्म होने वाली है। वाराणसी का ड्रीम प्रोजेक्ट रोपवे सेवा सावन माह से शुरू होने जा रही है। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को रोपवे का किराया तय कर दिया है। वाराणसी विकास प्राधिकरण के मुताबिक वाराणसी कैंट से गोदौलिया चौक तक का अधिकतम किराया 50 रुपये और न्यूनतम किराया 10 रुपये होगा। रोपवे कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया स्टेशन को जोड़ेगा। सड़क मार्ग से कैंट से गोदौलिया पहुंचने में 30 से 45 मिनट लगते हैं, लेकिन रोपवे से यह सफर मात्र 15-16 मिनट में पूरा हो जाएगा।स्थानीय नागरिकों और रोजाना सफर करने वालों के लिए ‘काशी स्मार्ट पास’ जारी होगा। इस पास पर अधिसूचित किराए में 20% तक की छूट मिलेगी। छूट के बाद कैंट से गोदौलिया का किराया 40 रुपये और विद्यापीठ से रथयात्रा तक का किराया सिर्फ 8 रुपये रह जाएगा।पर्यटकों और विशेष समूहों के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा भी शुरू होगी। एक यात्रा का किराया 2000 रुपये तय किया गया है। वहीं अग्रिम बुकिंग कराने वाले समूहों को यह सुविधा 1200 रुपये प्रति यात्रा में मिलेगी।रोपवे स्टेशनों पर यात्रियों को लिफ्ट, एस्केलेटर, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, डिजिटल टिकटिंग और क्लॉक रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा होगी।यह परियोजना काशी के पर्यटन, व्यापार और शहरी परिवहन को नई गति देगी। सावन में शुरू हो रहे इस ड्रीम प्रोजेक्ट से बनारस की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।