आकाश कोचिंग के दो केंद्र सील

वाराणसी: कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान फायर ब्रिगेड और वाराणसी विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने आकाश कोचिंग के दो केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। जांच में अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी और भवन संबंधी दस्तावेजों में खामियां सामने आईं।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि दुर्गाकुंड स्थित कोचिंग सेंटर में छात्रों के आवागमन के लिए मुख्य मार्ग मात्र 4 फीट चौड़ा था, जबकि अन्य निकास मार्गों की सीढ़ियां निर्धारित मानकों से कम चौड़ी थीं। इतना ही नहीं, एक निकास मार्ग पर एसी की आउटर यूनिट और बड़ी मात्रा में गत्ता व अन्य सामग्री रखी मिली, जिससे आपातकालीन निकासी बाधित हो सकती थी।जांच के दौरान वाराणसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने भवन का स्वीकृत नक्शा भी मांगा, जिसे संचालक प्रस्तुत नहीं कर सके। अधिकारियों के अनुसार दोनों केंद्रों में लगभग 2 हजार छात्र अध्ययनरत थे, ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है।चीफ फायर ऑफिसर आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में कम से कम दो निकास द्वार, स्पष्ट आपातकालीन निकास, अवरोध मुक्त सीढ़ियां, अग्निशामक यंत्र, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम और फायर एनओसी जैसी व्यवस्थाएं अनिवार्य हैं।फिलहाल दोनों केंद्रों को सील कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों का पालन करने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।








