कार ने बाइक में मारी टक्कर,लगी आग:दो युवक बाल-बाल बचे

सेवराई (गाजीपुर) – गहमर थाना क्षेत्र में एनएच-124सी पर मंगलवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। भदौरा बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते धू-धू कर जल उठी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।सायर गांव निवासी राम अवध चौधरी (22) पुत्र राम प्रवेश चौधरी अपने रिश्तेदार पवन चौधरी (23) पुत्र अमरनाथ चौधरी, निवासी रसड़ा, बलिया के साथ मां कामाख्या धाम में दर्शन-पूजन कर बाइक से गाजीपुर लौट रहे थे। देर शाम भदौरा बस स्टैंड स्थित सिनेमा हॉल के पास गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी समय बाइक में आग लग गई। कुछ ही पलों में आग विकराल हो गई और पूरी मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गई। घटना देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बालू और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।सूचना पर गहमर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और प्राथमिक उपचार चल रहा है।हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। गहमर थाना पुलिस ने बताया कि कार स्वामी और फरार चालक की पहचान की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों और आरोपी चालक का पता चल सके।हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य कराया गया। घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है।








