ग़ाज़ीपुर

जो मंदिर की रक्षा नहीं कर सकता, वह अपकी क्या करेगा: स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान

गाजीपुर – राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने भगवान राम, राम मंदिर और हनुमान जी को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है। बुधवार को उनके संबोधन का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, “राम मंदिर से करोड़ों रुपये और सोना-चांदी चोरी हो गया, लेकिन भगवान राम चोरों को सजा नहीं दे सके। अगर भगवान राम में ताकत होती तो चोरी करने वाला वहीं भस्म हो जाता। जो अपने मंदिर की रक्षा नहीं कर सकता, वह आपकी क्या रक्षा करेगा?” उन्होंने धार्मिक मान्यताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि पृथ्वी पर जन्मा एक छोटा सा बंदर सूर्य को निगल गया, यह बात वैज्ञानिक दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है। लोगों से अपील की कि किसी भी बात को आंख बंद करके स्वीकार न करें, बल्कि तर्क और बुद्धि की कसौटी पर परखें। स्वामी प्रसाद मौर्य ने भगवान बुद्ध के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी ग्रंथ में लिखी बात को केवल इसलिए नहीं मान लेना चाहिए कि वह ग्रंथ में लिखी है, उसे अपने विवेक और तर्क पर कसना चाहिए।उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी हमला बोला। आरोप लगाया कि सरकार हजारों स्कूल बंद करने की तैयारी में थी, लेकिन विरोध के बाद फैसला वापस लेना पड़ा। कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी है और स्कूल संसाधनों के अभाव में चल रहे हैं। शिक्षकों से जनगणना, चुनाव व अन्य विभागीय कार्य कराने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उच्च शिक्षा महंगी होने से गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए विश्वविद्यालय तक पहुंचना कठिन हो रहा है। आरोप लगाया कि देश की बड़ी आबादी आज भी सरकारी राशन पर निर्भर है और गरीबों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से दूर रखने की साजिश हो रही है।स्वामी प्रसाद मौर्य पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। जुलाई 2025 में कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ कांवड़ियों पर की गई टिप्पणी पर व्यापक राजनीतिक प्रतिक्रिया हुई थी।गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य यूपी की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं। पांच बार विधायक और चार बार मंत्री रह चुके हैं। बसपा, सपा में अहम भूमिका निभाने के बाद अब राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं।