मोहर्रम की पूर्वसंध्या पर डीएम -एसपी ने किया फ्लैग मार्च, लोगों से किया अपील

गाजीपुर, 25 जून 2026 – आगामी मोहर्रम त्योहार के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को भारी पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की। इस दौरान मिश्रित आबादी वाले इलाकों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की सघन चेकिंग कराई गई।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर और थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ कोतवाली अंतर्गत मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में रूट मार्च किया। अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मस्जिद के आसपास के इलाकों में भी विशेष सतर्कता बरती गई।पैदल गश्त के दौरान डीएम व एसपी ने आमजन और धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त कराया और कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।अधिकारियों ने साफ कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था में खलल डालने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीमों को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों और बाजारों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहनता से चेकिंग की। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कोई अफवाह न फैला सके।जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी समुदाय आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और जिला प्रशासन का सहयोग करें।








