प्रमुख हीरा यादव पर हमले के मुख्य आरोपी देवराज सिंह के सभी शस्त्र लाइसेंस निरस्त

गाजीपुर – सैदपुर ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य आरोपी देवराज सिंह के सभी वैध शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आरोपी के पास अब कोई भी वैध शस्त्र नहीं बचा है।हमले के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।सैदपुर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी देवराज सिंह के सभी शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मुख्य आरोपी देवराज सिंह के बेटे भोनू की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव पर हुए हमले के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समाजसेवियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। प्रशासन द्वारा मुख्य आरोपी के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाने और सुरक्षा बढ़ाने को उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।








