ग़ाज़ीपुर

आटो पलटने से किशोर की  मौत, तीन घायल

भांवरकोल, गाजीपुर – थानाक्षेत्र के नसीरपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर पलटे ऑटो के नीचे दबकर 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सवारियां घायल हो गईं।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक ऑटो बिहार के बक्सर जिले के जगदीशपुर नदाव से 6 सवारियों को लेकर बरेसर स्थित अमवा सती माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जा रहा था। जैसे ही ऑटो नसीरपुर के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर पलट गया।हादसे में चालक के बगल में बैठा 13 वर्षीय अंगद पांडेय पुत्र महावीर पांडेय ऑटो के नीचे दब गया। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार मंजू कुमारी पुत्री नखडू पाल सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही भांवरकोल पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने अंगद पांडेय को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों की मांग पर पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया। घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।