पिकअप- टेम्पो में भीषण टक्कर,4 लोग घायल: दो बाइक सवार भी चपेट में

नंदगंज, गाजीपुर – शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे नंदगंज क्षेत्र के आकुशपुर स्थित जयगुरुदेव आश्रम के पास गाजीपुर-नंदगंज मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप और सवारी विक्रम टेम्पो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेम्पो चालक समेत दो महिला यात्री घायल हो गईं।टक्कर इतनी भीषण थी कि पास से गुजर रहे दो मोटरसाइकिल सवार भी उसकी चपेट में आ गए। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मदनहीं निवासी 21 वर्षीय सुमित सरोज पुत्र गुड्डू पासवान शामिल है, जो अपने घर से गाजीपुर जा रहा था। हादसे में उसकी मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सुमित को पास के निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया।वहीं जमानियां निवासी एक अन्य युवक, जो शोहराब बाबा का दर्शन कर घर लौट रहा था, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका दाहिना पैर टूट गया। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया। टेम्पो में सवार दो महिला यात्रियों और चालक को भी चोटें आई हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद अवसर पाकर पिकअप चालक और टेम्पो चालक अपने-अपने वाहन लेकर वहां से चले गए।समाचार लिखे जाने तक हादसे को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से नंदगंज थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








