पति-पत्नी और प्रेमी :गला रेत कर हत्या

चंदौली – जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। अलीनगर पुलिस ने महेवा नहर के पास मिले युवक के मर्डर केस का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या की साजिश रची थी। 25 जून को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था। शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान महादेवपुर निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अलीनगर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच में सामने आया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के कथित तौर पर राहुल शर्मा से प्रेम संबंध थे। राजेश इसका विरोध करता था। पुलिस का आरोप है कि इसी रंजिश में उर्मिला, राहुल और उसके साथी विनोद पाल ने मिलकर हत्या की साजिश रची।आरोपियों ने जमीन दिखाने के बहाने राजेश को घर से बुलाया। पहले उसे शराब पिलाई गई, फिर महेवा नहर के पास ले जाकर धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया गया।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिहार भागने की फिराक में खड़े राहुल शर्मा और विनोद पाल को दबोच लिया। वहीं पत्नी उर्मिला देवी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, खून से सने कपड़े, घटना में इस्तेमाल सुपर स्प्लेंडर बाइक, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।








